क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन पर विधायक ने जताई नाराजगी, जल्द दुरुस्त करने के दिए निर्देश
देहरादून। स्मार्ट सिटी के कार्यों के चलते पटेल रोड क्षेत्र की पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त होने पर विधायक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जल संस्थान को सभी लाइनें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। कुछ दिन पूर्व राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पटेल रोड पर स्मार्ट सिटी के कार्यों के चलते कई जगह पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर जल संस्थान ने कुछ लाइनें तो ठीक कर दीं, लेकिन एक जगह लाइन की मरम्मत करने में कार्मिकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
क्षेत्रीय विधायक खजानदास ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी के कार्यों में पेयजल लाइनों का ध्यान रखने और क्षतिग्रस्त लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी पूनम शर्मा, अरुण घिल्डियाल, कमला रावत आदि भी उपस्थित थे।
विधायक ने किया महिला मोर्चा की सदस्यों का सम्मान
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने महिला मोर्चा की सदस्यों को सम्मानित किया। साथ ही महिलाओं को पति की पैतृक संपत्ति पर अधिकार के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित सालावाला में आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा महिला मोर्चा शहीद दुर्गामल्ल मंडल की ओर से मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यमकेश्वर विधायक और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने कहा कि 2017 के चुनावों में भाजपा की सोच को अब उड़ान मिली है।
मसूरी विधायक जोशी ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं को बराबरी का हक देकर उनका सम्मान और अधिक बढ़ाया है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, भाजपा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष कमली भट्ट, मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, महामंत्री संध्या क्षेत्री, नंदनी शर्मा, कंचन ठाकुर, वंदना बिष्ट, संध्या थापा, बबीता सहोत्रा आदि उपस्थित थे।
Warning: A non-numeric value encountered in /home/khabartrack/public_html/wp-content/themes/publisher/includes/func-review-rating.php on line 212
Warning: A non-numeric value encountered in /home/khabartrack/public_html/wp-content/themes/publisher/includes/func-review-rating.php on line 213